छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने सरकारी विभागों में 14 कैटेगरी में 1315 पदों पर भर्ती निकाली है और खास बात ये है कि ज्यादातर पद हेल्थ विभाग से संबंधित हैं। इनमें सीनियर रेसीडेंट से लेकर डेंटिस्ट तक की वैकेंसी है। ज्यादातर पदों के आवेदन की अंतिम तिथि इस महीने खत्म हो जाएगी और कुछ की मार्च में। अफसरों के मुताबिक इन पदों के लिए परीक्षाएं व साक्षात्कार वगैरह भी दो-तीन महीने में पूरे कर लिए जाएंगे और चयनित लोग इसी साल से नौकरी भी करने लगेंगे।
जो पद निकाले गए हैं, उनमें चिकित्सा शिक्षा के साथ ही खनिज साधन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, गृह विभाग, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के पद शामिल हैं। नवंबर-दिसंबर में भी पीएससी ने कई कैटेगरी के तहत वैकेंसी निकाली थी। इसके तहत राज्य सेवा परीक्षा, प्राचार्य कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा समेत अन्य के लिए आवेदन मंगाए गए थे।
अफसरों ने बताया कि जिन पदों के लिए पिछले एक-दो महीनों में वैकेंसी निकाली गई, उसमें चयन की प्रक्रिया आने वाले कुछ दिनों में शुरू होगी। कई कैटेगरी के पदों के लिए लिखित परीक्षा व साक्षात्कार दोनों होंगे। कई पदों के लिए केवल साक्षात्कार आयोजित किए जा सकते हैं। अफसरों ने बताया कि कई अन्य विभागों में भी भर्तियां होंगी। इस संबंध में भी पीएससी को प्रस्ताव मिले हैं। इसके लिए जल्द ही आवेदन मंगाए जाएंगे।
पीएससी प्रीलिम्स 13 को
राज्य सेवा परीक्षा-2021 के तहत प्रारंभिक परीक्षा 13 फरवरी को होगी। इसके लिए पीएससी से तैयारी की जा रही है। राज्य में 17 जिलों में करीब ढ़ाई सौ परीक्षा केंद्र बनाएं जाएंगे। इस बार 20 सेवाओं के 171 पदों के लिए भर्ती होगी। इसमें डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी, नायब तहसीलदार, वित्त सेवा अधिकारी, जिला अबकारी अधिकारी, श्रम पदाधिकारी, रोजगार अधिकारी, सहायक जेल अधीक्षक समेत अन्य पद हैं।
हेल्थ में कई तरह के पद
पीएससी ने पिछले डेढ़-दो महीने में जो वैकेंसी निकाली है। सीनियर रेसीडेंट, प्रदर्शक चिकित्सा शिक्षा, जूनियर रेसीडेंट, सीनियर रजिस्ट्रार व रजिस्ट्रार (चिकित्सा), दंत चिकित्सक, यूनानी अधिकारी समेत अन्य के पद है।