अंबिकापुर। डिजिटल जनगणना 2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना कार्य को लेकर शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष, अंबिकापुर में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा की अध्यक्षता में हुए इस प्रशिक्षण में जिले के चार्ज अधिकारी, तहसीलदार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान संभागायुक्त दुग्गा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति और घर की जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति या परिवार गणना से छूट न जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े सरकार की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
जनगणना के निर्देशों का अध्ययन करने के निर्देश
संभागायुक्त ने अधिकारियों से जनगणना निर्देश पुस्तिका का गहन अध्ययन करने और किसी भी प्रकार की शंका होने पर उसका समाधान पहले ही सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरगुजा संभाग में पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी बेहतर कार्य होगा।
इस दौरान नवा रायपुर स्थित प्रदेश के जनगणना निदेशालय से आए मास्टर ट्रेनर्स ने कंप्यूटर आधारित प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया। इसमें जनगणना संबंधी प्रक्रियाओं और निर्देशों की जानकारी दी गई।
आम नागरिकों से सही जानकारी देने की अपील
संभागायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि जनगणना के दूसरे चरण में प्रगणक घर-घर पहुंचकर जानकारी दर्ज करेंगे। ऐसे में नागरिक जनगणना कर्मियों को सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का कार्य व्यवस्थित तरीके से पूरा हो सके।
प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर प्रताप विजय खेस्स, अंबिकापुर के एसडीएम बनसिंह नेताम, उदयपुर के एसडीएम रामराज सिंह, सीतापुर की एसडीएम प्राची ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर प्रिंसी तम्बोली और सुष्मिता टोंड्रे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।