शहर के गंज चौक में मौजूद संजू मोबाइल शॉप में चोरी ,

त्वरित ख़बरें - मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर 15 लाख की चोरी, सीसीटीवी का डीवीआर भी ले भागे

शहर के गंज चौक में मौजूद मोबाइल दुकान से करीब 15 लाख की चोरी कर ली गई है। आरोपी नए पुराने मोबाइल फोन के साथ दूसरे उपकरण भी ले उड़े हैं। आशंका है कि किसी पेशेवर गिरोह ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी अपने साथ सीसीटीवी का डीवीआर भी उखाड़ कर ले गए हैं।

चोरी की घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात की है। पुलिस ने बताया कि गंज चौक में संजू मोबाइल शॉप मौजूद है। जिसके सामने के शटर को भी लोहे की रॉड से मोड़कर चोर भीतर दाखिल हो गए। जहां से नकदी रकम, मोबाइल फोन, चार्जर सहित करीब 15 लाख की चोरी कर ली गई। हालाकि चोरी गए सामानों का वास्तविक अनुमान देर शाम तक नहीं लग पाया था। कीमत बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

आरोपी बड़े ही शातिराना ढंग से दुकान में दाखिल हुए और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़ कर ले गए हैं। इसी तरह की चोरी दुर्ग के कुछ दुकानों में भी होने का इनपुट पुलिस को मिला है। आशंका है कि वारदात को एक ही गैंग ने अंजाम दिया है। इधर शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इससे पुलिस की पेट्रोलिंग सहित रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस हिस्से में चोरी की वारदात हुई है, वह प्रमुख व्यावसायिक हिस्सों में से एक है। पुलिस जांच कर रही है।