भिलाई में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम: उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन बहनें सम्मानित...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

भिलाई। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र मशानघाट, शास्त्री नगर-01 और शास्त्री नगर-02 में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पोषण जागरूकता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में भिलाई महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती स्वीटी कौशिक, वार्ड पार्षद श्रीमती लक्ष्मी साहू, पूर्व पार्षद श्रीमती निर्मला नायडू, परियोजना अधिकारी श्रीमती पद्मजा सिन्हा और पर्यवेक्षक श्रीमती किरण देवांगन मौजूद रहीं।

उत्कृष्ट सेवा के लिए किया गया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया गया। कार्यकर्ता तब्बसुम, रंजना बड़गे और रूखमणी कश्यप तथा सहायिका प्रतिभा, कबूतरी देवी और दुर्गा कुटारे को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

वहीं स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सहयोग देने वाली मितानिन निर्मला देवांगन, खिलेश्वरी और अनीता को भी सम्मानित किया गया।

PMMVY लाभार्थियों को दी गई जानकारी

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) की लाभार्थी महिलाओं संगीता पटेल, प्रियंका, खुश्बू भगत, आरती साव, ज्ञानमती और निशा खोब्रागडे को योजना के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।

महिलाओं को पोषण आहार और बच्चों के नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में अतिथियों और विभागीय अधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र समाज के स्वास्थ्य और पोषण की मजबूत नींव हैं। जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ एवं सुपोषित समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।