दुर्ग जिले के थाना उतई क्षेत्र के ग्राम बोरीगारका में आयोजित रामकथा कार्यक्रम के दौरान साइबर जागरूकता का संदेश दिया गया। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में राष्ट्रीय कथावाचक श्री युवराज पांडे ने श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी फोन कॉल, संदेश, संदिग्ध लिंक और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए लोगों को झांसे में लेकर बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर आर्थिक ठगी करते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से OTP, ATM PIN, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की।
साथ ही अनजान कॉल और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने तथा बिना पुष्टि के किसी भी डिजिटल लेन-देन से बचने की समझाइश दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में समय गंवाए बिना राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम में थाना उतई पुलिस ने आवश्यक समन्वय एवं सहयोग प्रदान किया। धार्मिक आयोजन के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सतर्क रहें और सुरक्षित रहें। अनजान कॉल, लिंक और व्यक्तियों से सावधान रहें तथा अपनी बैंकिंग एवं डिजिटल जानकारी किसी के साथ साझा न करें।