दुर्ग में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन, 11,375 वाहन चालकों पर कार्रवाई

त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

दुर्ग जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस का विशेष वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट पर दिन और रात के समय विशेष चेकिंग की जा रही है।

यातायात पुलिस ने पूर्व में हुए सड़क हादसों के समय और कारणों का विश्लेषण कर उसी के अनुसार चेकिंग पॉइंट लगाए हैं। दुर्घटना संभावित समय में तेज गति, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

इसी अभियान के तहत 28 सितंबर 2026 तक सितंबर माह में 11,373 वाहन चालकों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई है। इनमें 6,672 बिना हेलमेट वाहन चालक, 626 बिना सीट बेल्ट, 133 शराब पीकर वाहन चलाने वाले, 167 तेज गति से वाहन चलाने वाले और 134 लापरवाही से वाहन चलाने वाले शामिल हैं। इसके अलावा दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने वाले 1,175 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई है।

यातायात पुलिस का यह विशेष अभियान दिन और रात लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क हादसों में कमी लाना है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। वाहन चलाते समय लापरवाही से बचें और अपनी तथा सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखें।