दुर्ग ,में सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रूआबांधा में किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड दुर्ग के 75 संकुल केंद्रों से कुल 163 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और विशेष अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर रहे। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि, पालक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सेवा संकल्प अभियान और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर अपने विचार रखे। उन्होंने स्वच्छता, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता, तकनीक, कृषि और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए शिक्षा, अनुशासन, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से अपने विचार और चित्रकला के जरिए अपनी कल्पनाशीलता व रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को सार्वजनिक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
आयोजकों के अनुसार, चित्रकला प्रतियोगिता से 20 और भाषण प्रतियोगिता से 5 उत्कृष्ट विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय आयोजन के लिए किया गया है। चयनित विद्यार्थी आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन से हुआ। विकासखंड शिक्षा अधिकारी विनोद शुक्ला ने स्वागत भाषण दिया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए निर्णायक मंडल सहित सभी शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार जताया।