राजनांदगांव। सामाजिक कार्यों में सक्रिय आरोहनेक्स्ट फाउंडेशन की ओर से 17 सितंबर 2026 को शासकीय कुंज बिहारी महाविद्यालय, लालबहादुर नगर में स्वैच्छिक रक्तदान एवं जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में 18 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, जिससे कुल 18 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। वहीं करीब 150 लोगों को रक्तदान के महत्व, इसके स्वास्थ्य लाभ और जरूरतमंद मरीजों के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री वीरेंद्र सोनी, जिला भाजपा महिला उपाध्यक्ष वर्षा गेडाम, जिला भाजपा मंत्री प्रीति ताम्रकार, जिला पंचायत सभापति प्रशांत कोडापे और भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज कांडे सहित स्थानीय युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।
आरोहनेक्स्ट फाउंडेशन के निदेशक मंडल से प्रगति चन्दन मेश्राम, संदीप कुमार गेडाम और रजनी मेश्राम भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और उनके निस्वार्थ योगदान की सराहना की।
फाउंडेशन की संस्थापिका एवं प्रबंध निदेशक प्रगति चन्दन मेश्राम ने कहा कि रक्तदान मानवता की बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में मददगार हो सकता है। उन्होंने बताया कि संस्था भविष्य में भी रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और अन्य सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
उन्होंने बताया कि फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और कौशल विकास के क्षेत्रों में भी काम कर रहा है। आने वाले समय में जिले और राज्य स्तर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा।
शिविर के समापन पर उपस्थित लोगों ने नियमित रक्तदान करने, दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। फाउंडेशन प्रबंधन ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा टीम और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।