BSP में चोरी की बड़ी कोशिश नाकाम: 20 किलो कॉपर केबल लेकर भाग रहा आरोपी गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल भी जब्त

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) परिसर में प्रवेश कर स्क्रैब कॉपर केबल चोरी करने का प्रयास कर रहे आरोपी को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 20 किलोग्राम कॉपर केबल, मोटर सायकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। जप्त सामान की कुल कीमत करीब 27 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को आरोपी भिलाई इस्पात संयंत्र के अंदर पहुंचा और वहां से 20 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर केबल को अपनी मोटर सायकिल में छिपाकर बाहर ले जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान CISF ने उसे पकड़ लिया।

मामले की सूचना मिलने पर केऔसुब इकाई, बीएसपी भिलाई की ओर से 11 सितंबर को थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कॉपर केबल के साथ घटना में इस्तेमाल की गई HF Deluxe मोटर सायकिल क्रमांक CG 07 AW 2616 और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान निर्मल कुमार (44 वर्ष), निवासी स्कूल पारा सकरौद, थाना रनचिराई, जिला बालोद के रूप में की है। पुलिस ने उसे 11 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने संयंत्र परिसर में प्रवेश कर कॉपर केबल को मोटर सायकिल में छिपाकर बाहर ले जाने की योजना बनाई थी। कार्रवाई में भिलाई भट्ठी थाना प्रभारी इंचार्ज सउनि भारत सिंह चौधरी और प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराध की रोकथाम की जा सके।