दुर्ग में आधी रात स्टंटबाजी कर रील बनाना पड़ा भारी: नशे में बुलेट दौड़ा रहा युवक गिरफ्तार, 5 साथी भी पकड़े गए

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। देर रात सड़क पर तेज रफ्तार बाइक दौड़ाकर स्टंट करना और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रील डालना युवकों को भारी पड़ गया। जामुल थाना पुलिस ने तीन सवारी बुलेट पर स्टंटबाजी कर रहे चालक को शराब के नशे में पकड़ा। कार्रवाई के बाद उसके पांच साथी भी शराब के नशे में थाना परिसर पहुंच गए, जिनके खिलाफ भी पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर की रात करीब 2 बजे जामुल थाना क्षेत्र में बुलेट क्रमांक CG 04 MY 3982 पर तीन युवक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए स्टंट कर रहे थे। बाइक में तेज आवाज वाला मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था और युवक सड़क पर रील बनाने के लिए खतरनाक तरीके से वाहन चला रहे थे। इससे दुर्घटना की स्थिति बन रही थी।

पुलिस ने तत्काल बाइक को रोककर चालक पवन तिवारी, निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल, की जांच की। जांच में उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद जामुल थाने में अपराध क्रमांक 646/2026 के तहत धारा 281 BNS और मोटरयान अधिनियम की धारा 184, 185 के तहत कार्रवाई की गई।

इसी दौरान करीब पांच मिनट बाद काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली थार से पांच युवक थाना परिसर पहुंचे। पुलिस ने उनका अल्कोहल परीक्षण कराया तो सभी शराब के नशे में पाए गए। थाना परिसर जैसे सार्वजनिक स्थान पर नशे की हालत में पाए जाने और लोक शांति भंग करने के मामले में पांचों के खिलाफ धारा 36(च) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने थार वाहन पर भी बिना नंबर प्लेट, काले शीशे/फिल्म और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और सड़क पर स्टंट या तेज रफ्तार में वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जान खतरे में न डालें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।