छुरिया। ग्राम पांडेटोला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को कलश यात्रा एवं श्रीकृष्ण प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खुज्जी विधायक भोलाराम साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान ग्रामवासियों और आयोजन समिति ने गांव की आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों से जुड़ी विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं। ग्रामीणों की मांग पर विधायक भोलाराम साहू ने शीतला सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। घोषणा के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
विधायक भोलाराम साहू ने क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने ग्राम के विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में तहसील यादव समाज छुरिया के अध्यक्ष गोविंद राम यादव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुमर्दा के अध्यक्ष प्रताप धावड़े, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरिया अध्यक्ष राजू सिन्हा, सेक्टर प्रभारी रोशन साहू, जनपद सदस्य प्रकाश मोटघरे, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता पूरन नेताम, ग्राम पंचायत पांडेटोला के सरपंच कीर्तन साहू, सचिव कुलेश्वर ठाकुर, ग्राम पटेल सुभाष ठाकुर, यादव समाज गहिराभेड़ी सर्किल छुरिया के ग्राम प्रमुख जैतरू साहू सहित यादव समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।