दुर्ग। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना मोहन नगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार रखकर लोगों को डराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि धमधा रोड सब्जी मंडी के पास एक युवक लोहे का धारदार हथियार लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए मोहन नगर पुलिस की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार हथियार बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 500 रुपये बताई जा रही है।
आरोपी गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
पूछताछ के बाद आरोपी की पहचान आशिष यादव उर्फ आशु (26), निवासी लुचकी पारा वार्ड नंबर 07, दुर्ग के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 624/2026 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर कहीं भी हथियार लेकर घूमने, डराने-धमकाने या किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।