छत्तीसगढ़ में फिर कोरोना की एंट्री, रायपुर और राजनांदगांव में मिले संक्रमित...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कोरोना संक्रमण ने दस्तक दी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक प्रदेश के रायपुर और राजनांदगांव जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान हुई है। स्वाइन फ्लू के मामलों के बीच कोरोना संक्रमण सामने आने से स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है।

रायपुर में होम आइसोलेशन, राजनांदगांव में अस्पताल में इलाज

जानकारी के अनुसार, रायपुर में मिले कोरोना संक्रमित मरीज का होम आइसोलेशन में इलाज जारी है। वहीं, राजनांदगांव में चिन्हित संक्रमित मरीज का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। दोनों मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक निगरानी रखी जा रही है।

संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शुरू

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग की जा रही है। मरीजों के परिजनों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतने और तत्काल जांच कराने की अपील की है। साथ ही कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने और संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

विभाग ने विशेष रूप से भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने, बीमारी के लक्षण होने पर जांच कराने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग दोनों मामलों को लेकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।