काठमांडू। नेपाल में विनाशकारी बाढ़ और फ्लैश फ्लड के बाद हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं। कई इलाकों में नदियों और छोटी धाराओं का जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन ने फिर से बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। नेपाल में अब तक 987 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं नेपाल और चीन में इस आपदा से हुई मौतों को मिलाकर आंकड़ा 1,000 के पार पहुंच गया है।
चितवन में सबसे ज्यादा 321 शव बरामद
नेपाल के नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) के अनुसार, चितवन में 321 शव बरामद किए गए हैं। इसके बाद नवलपरासी ईस्ट में 216, नवलपरासी वेस्ट में 170 और नुवाकोट में 95 शव मिले हैं। गोरखा में 65, धादिंग में 55, तनहूं में 38 और रसुवा में 27 शव बरामद किए गए हैं।
करीब 4 हजार लोग अब भी लापता
इस भीषण आपदा में 3,916 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इनमें 583 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है और 11 हजार से ज्यादा लोगों को अब तक सुरक्षित निकाला जा चुका है।
कई जिलों में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा
नदियों और छोटी धाराओं में पानी बढ़ने के बाद नेपाल के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी हिस्सों के कई जिलों में नया अलर्ट जारी किया गया है। नुवाकोट और रसुवा में अचानक बाढ़ का खतरा अधिक बताया गया है। प्रशासन ने नदी किनारे और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
राहत और बचाव अभियान जारी
बाढ़ से कटे दूरदराज के इलाकों तक पहुंचने के लिए राहत दल अस्थायी पुलों और अन्य माध्यमों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कई स्थानों पर मलबे के बीच फंसे लोगों और लापता लोगों की तलाश जारी है। आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचा राहत अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ है।