कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मामूली डांट के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना में एक युवक ने शराब के नशे में अपनी मौसी पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से मौसी की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब के नशे में घर पहुंचा था आरोपी
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय तीरथराम यादव शराब के नशे में घर पहुंचा था। उस समय उसकी 55 वर्षीय मौसी मोहन कुंवर बाई घर में मौजूद थीं। मौसी ने उसे बेवजह इधर-उधर घूमने, रोज शराब पीने और देर से घर आने को लेकर फटकार लगाई।
डांट से नाराज होकर किया हमला
मौसी की डांट से तीरथराम नाराज हो गया और गुस्से में घर में रखी आग जलाने वाली लकड़ी और डंडे से मोहन कुंवर बाई के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पुरैना गांव में मोहन कुंवर बाई की हत्या उनके भतीजे तीरथराम यादव ने की है। आरोपी घटना के समय नशे में था और सामान्य विवाद के बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।