दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वार्ड 34, कैंप-1 स्थित एक घर में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। थाना छावनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके से 12 आरोपियों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से ₹3 लाख 16 हजार 930 नकद, 52 पत्ती ताश और 12 मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹5 लाख 16 हजार 930 बताई गई है।
सूचना के बाद पुलिस ने की घेराबंदी
थाना छावनी पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड 34 कैंप-1 के एक घर में कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड की कार्रवाई की। इस दौरान 12 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
क्या-क्या हुआ जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
- ₹3,16,930 नकद
- 52 पत्ती ताश
- 12 टच स्क्रीन मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत ₹2 लाख
जब्त किए हैं। कुल जब्ती मूल्य ₹5,16,930 बताया गया है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ थाना छावनी में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जुआ खेलने का उद्देश्य अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करना था।
12 आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई में महेंद्र कुमार सोनकर, कलीम खान, जी शिवा शंकर राव, आशीष ताम्रकार, श्रीधर्मांझी, प्रेम प्रेमचंद, ऐन धन राजू, भगवत प्रसाद, सपन चंद्र डे, राजेंद्र कुमार कौशिक, दिनेश साओ और बलजिन्दर सिंह को गिरफ्तार किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।