जिला जनसंपर्क अधिकारी चंद्रेश ठाकुर को दी विदाई: कबीरधाम तबादले पर कर्मचारियों ने सराहा कार्यशैली और व्यवहार

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

बालोद, जिला जनसंपर्क कार्यालय बालोद में पदस्थ जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री चंद्रेश ठाकुर का जिला कबीरधाम स्थानांतरण होने पर कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने विदाई समारोह आयोजित किया। इस दौरान कर्मचारियों ने श्री ठाकुर की उत्कृष्ट कार्यशैली, सरल-सौम्य व्यवहार और संवेदनशील व्यक्तित्व की जमकर सराहना की।

कर्मचारियों ने बताया कुशल और संवेदनशील अधिकारी

विदाई समारोह में अधिकारी-कर्मचारियों ने कहा कि श्री चंद्रेश ठाकुर एक कुशल एवं संवेदनशील अधिकारी होने के साथ-साथ बेहतर प्रबंधक भी हैं। उन्होंने हर परिस्थिति में कर्मचारियों का मार्गदर्शन और सहयोग किया। कर्मचारियों ने कहा कि वे शासकीय दायित्वों के साथ निजी और पारिवारिक जरूरतों में भी परिवार के मुखिया की तरह सहयोग करते रहे।

कर्मचारियों ने उनके सेवाभावी और मानवीय संवेदनाओं से जुड़े व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे हमेशा अभिभावक की तरह उनके साथ खड़े रहे। सभी ने उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए सफल, सुखद, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की।

बोले- जनसंपर्क कार्यालय मेरे परिवार जैसा

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए श्री चंद्रेश ठाकुर ने कहा कि जिला जनसंपर्क कार्यालय में कार्य करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने जनसंपर्क विभाग के कार्यों और दायित्वों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कार्यालय और जनसंपर्क विभाग को अपना परिवार बताते हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पारिवारिक सदस्य बताया। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग का कार्य महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण है। सभी कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

श्री ठाकुर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्य और पेशे को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि इसी से परिवार का संचालन होता है। उन्होंने जनसंपर्क विभाग को व्यापक संभावनाओं वाला क्षेत्र बताते हुए कर्मचारियों से लगन, मेहनत और निरंतर प्रयास से अपने कौशल को निखारने का आह्वान किया।

कर्मचारियों ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम में सोशल मीडिया समन्वयक श्री तनवीर खान, सहायक ग्रेड-3 श्री मनीष यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी संबोधित किया और श्री ठाकुर के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन श्री घनश्याम चन्द्राकर ने किया।

इस अवसर पर श्री राजेन्द्र कुमार कुंजाम, श्री कृष्णशरण साहू, श्री हुलेश रजक, श्री खिलेश साहू सहित जिला जनसंपर्क कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे