सुपेला चौक से गदा चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर का व्यापारियों ने किया विरोध, सांसद विजय बघेल से पुनः समीक्षा की मांग....
भिलाई। सुपेला चौक से गदा चौक तक प्रस्तावित लगभग 1 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर निर्माण को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों में चिंता और असहमति सामने आई है। इस संबंध में गणेश मार्केट, सुपेला व्यापारी संघ तथा होलसेल होजियरी रेडीमेड एंड क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन सहित क्षेत्र के व्यापारियों एवं नागरिकों ने सांसद दुर्ग लोकसभा श्री विजय बघेल के निज निवास कार्यालय सेक्टर 5 भिलाई में पहुंच कर ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को तत्काल स्थगित कर उसकी उपयोगिता एवं जनहित के दृष्टिकोण से पुनः समीक्षा कराने की मांग की है।
ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि सुपेला चौक से गदा चौक तक का मार्ग एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र है। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में दुकानें संचालित हैं तथा लगभग 100 से 150 फीट की सड़क होने के कारण वर्तमान में नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की विशेष दिक्कत नहीं है। ऐसे में फ्लाईओवर निर्माण से नीचे की सर्विस रोड, चौराहों और आसपास के बाजारों में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने तथा व्यापारियों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई गई है।
व्यापारियों ने सांसद से मांग की है कि फ्लाईओवर निर्माण शुरू करने से पहले निम्न बिंदुओं पर निष्पक्ष एवं तकनीकी रूप से पुनर्विचार किया जाए—
प्रस्तावित मार्ग पर फ्लाईओवर वास्तव में यातायात समस्या का स्थायी एवं आवश्यक समाधान है या नहीं।
फ्लाईओवर बनने के बाद सर्विस रोड, चौराहों एवं आसपास के बाजारों में यातायात और पार्किंग की समस्या कितनी बढ़ेगी।
निर्माण से सड़क के दोनों ओर स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठानों, ग्राहकों की आवाजाही एवं स्थानीय व्यापार पर पड़ने वाले आर्थिक प्रभाव का स्वतंत्र सर्वे कराया जाए।
वर्तमान एवं भविष्य की यातायात आवश्यकता का वैज्ञानिक एवं ट्रैफिक सर्वे कराया जाए तथा उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
परियोजना के लिए किसी वैकल्पिक यातायात व्यवस्था का अध्ययन किया गया है या नहीं, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए।
निर्माण के दौरान कई वर्षों तक होने वाले यातायात अवरोध, धूल, दुर्घटना के जोखिम एवं व्यापारिक नुकसान का आकलन किया जाए।
परियोजना से प्रभावित व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ वास्तविक एवं पारदर्शी जनसुनवाई अथवा परामर्श किया जाए।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं। वे अपने क्षेत्र में बेहतर सड़क, बेहतर यातायात व्यवस्था और विकास चाहते हैं, लेकिन ऐसा विकास भी जरूरी है जिसमें जनहित, स्थानीय व्यापार, यातायात व्यवस्था और भविष्य की आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि लगभग 1 किलोमीटर के मार्ग पर फ्लाईओवर की आवश्यकता का पुनर्मूल्यांकन किया जाना चाहिए। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगभग 500 व्यापारियों के हित प्रभावित होंगे। उनका आरोप है कि कुछ व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए बड़ी संख्या में व्यापारियों को सड़क से हटाने जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए परियोजना की उपयोगिता, लागत, ट्रैफिक सर्वे, स्वीकृति एवं वैकल्पिक प्रस्तावों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की गई है।
व्यापारी संघों ने सांसद विजय बघेल से आग्रह किया कि इस गंभीर जनहित के विषय को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग एवं प्रशासन के समक्ष व्यापारियों और नागरिकों की आवाज को मजबूती से रखा जाए तथा क्षेत्र के हित में उचित निर्णय सुनिश्चित कराया जाए।
प्रमुख मांगें:
प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को तत्काल स्थगित करना, स्वतंत्र तकनीकी एवं ट्रैफिक सर्वे कराना, प्रभावित व्यापारियों एवं नागरिकों के साथ खुली जनसुनवाई करना, परियोजना की डीपीआर एवं तकनीकी रिपोर्ट सार्वजनिक करना तथा यदि फ्लाईओवर की आवश्यकता प्रमाणित न हो तो परियोजना निरस्त कर उपयुक्त वैकल्पिक यातायात व्यवस्था पर विचार करना। सांसद विजय बघेल ने सुपेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों की बात सुनकर अधिकारियों से पुन विचार करने को कहा