रायपुर। राजधानी में सड़क किनारे अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए टीम प्रहरी अभियान के तहत नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। गोलबाजार मुख्य मार्ग सहित सिटी कोतवाली चौक से कालीबाड़ी चौक तक सड़क पर कब्जा करने वाले दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई और कुल 50,500 रुपये का ई-चालान वसूला गया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। नगर निगम नगर निवेश विभाग, जोन-4 की टीम और संबंधित यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य बाजार क्षेत्रों में सड़क पर किए गए कब्जों को हटाने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कार्रवाई की।
अभियान के दौरान गोलबाजार मुख्य मार्ग के दोनों ओर सड़क पर कब्जा करने वाले दुकानदारों से 29 हजार रुपये का ई-चालान वसूला गया। दुकानदारों को भविष्य में सड़क पर सामान रखकर मार्ग बाधित नहीं करने की स्पष्ट समझाइश दी गई।
इसी तरह सिटी कोतवाली चौक से कालीबाड़ी चौक तक सड़क मार्ग पर कब्जा करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 21 हजार 500 रुपये का ई-चालान वसूला गया। संबंधित दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित करने वालों के सामान को जरूरत पड़ने पर जब्त किया जाएगा। टीम प्रहरी अभियान के तहत लगातार चल रही कार्रवाई का उद्देश्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाना तथा आम नागरिकों और राहगीरों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है