रायपुर। हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के बाद मंच के कथित शुद्धीकरण की घटना के विरोध में कांग्रेस ने राजीव गांधी चौक से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकालकर सत्याग्रह किया। कांग्रेस ने इस घटना को जातिगत भेदभाव और दलित विरोधी मानसिकता का परिचायक बताते हुए विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर एआईसीसी महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना को बेहद आहत करने वाला और निंदनीय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना जातिगत भेदभाव, संकीर्ण मानसिकता और दलित विरोधी सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक भारत में जातिगत भेदभाव का कोई स्थान नहीं है।
भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस इस तरह की भेदभावपूर्ण मानसिकता का लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने न्यायपालिका से भी इस घटना पर स्वतः संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ईडी के खिलाफ कांग्रेस का धरना जारी
ईडी की कार्रवाई और कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। रायपुर शहर जिला एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस के तत्वावधान में आयोजित धरने में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक रूप से कांग्रेस का मुकाबला नहीं कर पा रही है, इसलिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की साजिश का हिस्सा बताते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई से पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन आरोपों को अदालत में साबित किया जाना है, उन्हें अदालत में साबित किए बिना मीडिया के माध्यम से प्रचारित करना जांच एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस ने रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए इसे ईडी और भाजपा की साजिश का परिणाम बताया। धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में राजेंद्र तिवारी, सुशील आनंद शुक्ला, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, कुलदीप जुनेजा, कन्हैया अग्रवाल, डॉ. राकेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।