रायपुर। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मंदिर हसौद पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में 15 अगस्त 2026 को थाना क्षेत्र के सेंध लेक और बिल्डिंग के पास विशेष चेकिंग प्वाइंट लगाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने, स्टंट करने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन दर्जन से अधिक दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, स्टंट करने वाले वाहन चालक स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान को भी खतरे में डाल रहे थे। इसके अलावा सेंध लेक के पास नो-पार्किंग में खड़े 59 वाहनों का ई-चालान किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और निर्धारित संख्या से अधिक सवारी नहीं बैठाने की समझाइश दी।
वहीं, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में उनके पालकों को भी समझाइश देते हुए भविष्य में बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने की हिदायत दी गई। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी बरतने की अपील की।
पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
मंदिर हसौद पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर किसी भी तरह का स्टंट करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। खासकर नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकने के लिए पालकों से भी जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई है।