उत्तराखंड टनल हादसा: चमोली में निर्माणाधीन टनल में घुसा पानी-मलबा, 7 मजदूरों की मौत; 6 अब भी लापता...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन मायापुर–पीपलकोटी टनल में गुरुवार शाम अचानक पानी और मलबा भरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद जिला प्रशासन और राहत-बचाव टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया। टनल में काम कर रहे 22 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि छत्तीसगढ़ और झारखंड के 7 मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में 11 श्रमिक घायल बताए जा रहे हैं, जबकि 6 मजदूर अभी भी लापता हैं।

घायलों में झारखंड के 5, बिहार के 2, छत्तीसगढ़ के 2 तथा पंजाब और हिमाचल प्रदेश के 1-1 श्रमिक शामिल हैं। राहत एवं बचाव दल लगातार टनल के भीतर लापता मजदूरों की तलाश में जुटे हुए हैं।

अचानक टनल में घुसा पानी और मलबा

विष्णुगाड–पीपलकोटी पनबिजली परियोजना की निर्माणाधीन टनल में गुरुवार शाम अचानक पहाड़ का मलबा और पानी तेजी से अंदर घुस गया। उस समय बड़ी संख्या में मजदूर टनल के भीतर काम कर रहे थे। पानी और मलबे का सैलाब इतनी तेजी से आया कि श्रमिकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे में घायल छत्तीसगढ़ निवासी सुनील दीवान ने बताया कि वह टनल के अंदर सरिया बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भूस्खलन हुआ और पानी व मलबा टनल में भरने लगा। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।

6 मजदूरों की तलाश जारी

हादसे के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। सुरक्षित निकाले गए मजदूरों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि घायल श्रमिकों को अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं लापता 6 मजदूरों को खोजने के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इससे पहले बीते दिसंबर में भी इसी टनल में लोको ट्रेन के टकराने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच निर्माणाधीन टनल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।