भिलाई में मुखौटा पहनकर बिजली केबल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ₹45 हजार का माल बरामद

त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

भिलाई। इंजीनियरिंग पार्क हथखोज में शेड का ताला तोड़कर बिजली वायर चोरी करने के मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 45 हजार रुपये कीमत का बिजली केबल, लोमड़ी नुमा प्लास्टिक का मुखौटा और वायर काटने का उपकरण बरामद किया है।

मामला इंजीनियरिंग पार्क हथखोज स्थित शेड एफ-01 का है, जहां अज्ञात आरोपी ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और विद्युत कनेक्शन के लिए लगाए गए वायर को काटकर चोरी कर लिया। चोरी के दौरान आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए मुखौटे का इस्तेमाल किया था।

पुलिस के अनुसार, शेड से करीब 350 मीटर बिजली वायर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी रवि राव उर्फ विठ्ठल को पकड़ा।

आरोपी के पास से लाल, पीले, काले, नीले और नारंगी रंग के अलग-अलग क्षमता वाले बिजली केबल कई टुकड़ों में बरामद किए गए। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।

पुरानी भिलाई पुलिस ने आरोपी को 08 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।