बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सांसद विजय बघेल की पहल, दुर्ग-दानापुर एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच की मांग

त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग। सावन के पवित्र महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और ट्रेनों में लंबी वेटिंग को देखते हुए दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने रेलवे से अतिरिक्त कोच लगाने की मांग की है। श्रद्धालुओं की लगातार मांग को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने बिलासपुर रेलवे के महाप्रबंधक (SECR) से दूरभाष पर चर्चा कर दुर्ग–दानापुर एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।

दुर्ग-दानापुर ट्रेन में बढ़ेगा दबाव

सावन के दौरान छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन के लिए दानापुर मार्ग से यात्रा करते हैं। इस दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से टिकटों की वेटिंग भी काफी बढ़ जाती है। कई श्रद्धालुओं को कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण यात्रा की योजना बनाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसी समस्या को लेकर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के नागरिक और श्रद्धालु सांसद विजय बघेल से लगातार अतिरिक्त कोच की मांग कर रहे थे।

रेलवे GM से सांसद ने की सीधी चर्चा

जनता की मांग पर सांसद विजय बघेल ने ट्रेन क्रमांक 13287 दुर्ग–दानापुर एक्सप्रेस में अतिरिक्त बोगी/कोच लगाने के लिए रेलवे के उच्च अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने रेलवे प्रशासन से सावन के दौरान श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए जल्द आवश्यक व्यवस्था करने का आग्रह किया।

सांसद ने कहा कि बाबाधाम की यात्रा केवल रेल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला है। ऐसे में सावन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे को संवेदनशीलता के साथ तत्काल कदम उठाने चाहिए।

हजारों श्रद्धालुओं को राहत की उम्मीद

सांसद की इस पहल के बाद दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से बाबाधाम जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है। अब यात्रियों की नजर रेलवे प्रशासन के फैसले पर है कि दुर्ग–दानापुर एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगाने को लेकर कब तक निर्णय लिया जाता है।