रेलवे स्टेशन पर RPF की कड़ी कार्रवाई, 3805 लोगों पर केस; 20 लाख से ज्यादा जुर्माना वसूला...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यातायात और परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में रायपुर और भाटापारा रेलवे स्टेशनों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 3,805 मामलों में कार्रवाई करते हुए 20 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई

रेलवे प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2025-26 में रेलवे अधिनियम की धारा 159 के तहत नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले 2,025 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। रेलवे स्टेशन परिसर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए यह अभियान चलाया गया।

इसके अलावा रेलवे अधिनियम की धारा 144 के तहत स्टेशन और ट्रेनों में बिना अनुमति सामान बेचने वाले 1,780 अवैध वेंडरों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। रेलवे प्रशासन का कहना है कि स्टेशन परिसर में अनधिकृत रूप से व्यापार और फेरी लगाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

3805 लोगों पर कार्रवाई, 20 लाख से ज्यादा जुर्माना

नो पार्किंग और अवैध वेंडरों के खिलाफ चलाए गए अभियानों में कुल 3,805 लोगों पर कार्रवाई की गई। इन मामलों में रेलवे प्रशासन ने 20 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला है। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसर को अतिक्रमण, अवैध गतिविधियों और यातायात अव्यवस्था से मुक्त रखना है।

भाटापारा स्टेशन पर किलाबंदी कर टिकट जांच

वहीं, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी प्लेटफॉर्म और 14 ट्रेनों में टिकटों की जांच की गई।

अभियान के दौरान कुल 287 मामले दर्ज किए गए और 2,45,835 रुपये का जुर्माना वसूला गया। बिना टिकट यात्रा करने वाले 191 यात्री पकड़े गए। वहीं अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले 72 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

इसके अलावा अधिक लगेज लेकर यात्रा करने के 22 मामले सामने आए। स्टेशन परिसर में गंदगी और धूम्रपान करने के एक-एक मामले में भी कार्रवाई की गई।

रेलवे नियमों का पालन करने की अपील

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे स्टेशन परिसर में नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने, बिना अनुमति सामान बेचने, बिना टिकट यात्रा करने और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट लेकर ही ट्रेन में सफर करें और स्टेशन परिसर में निर्धारित नियमों का पालन करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल RPF या रेलवे प्रशासन को देने की अपील की गई है।

रायपुर और भाटापारा रेलवे स्टेशनों पर चलाए गए इस विशेष अभियान से रेलवे परिसर में नियमों का पालन कराने और यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।