भिलाई में धारदार हथियार लेकर दहशत फैला रहे 3 आरोपी गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग/भिलाई। पुरानी भिलाई पुलिस ने विशेष अभियान के तहत सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार हथियार बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिजली नगर, भिलाई-03 के पास तीन युवक धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एम. अजय राय उर्फ आशीष (22 वर्ष), रोशन यादव (25 वर्ष) और राजेश कुमार साहू (20 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक बटनदार चाकू, एक लोहे का धारदार हथियार और एक छुरीनुमा धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 414/2026, 415/2026 और 416/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूम रहे थे, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन रहा था।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।