दुर्ग/भिलाई। जामुल पुलिस ने बंद पड़ी फैक्ट्री से लोहे की प्लेट चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये मूल्य की चोरी की गई लोहे की प्लेट बरामद कर जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, बी.एस. कास्टिंग कंपनी, प्लॉट नंबर-34 बी, इंडस्ट्रियल एरिया, भिलाई से 31 जुलाई 2026 की रात लोहे की प्लेट चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 549/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की। पूछताछ में रवि विश्वकर्मा उर्फ खेलू (21) ने अपने साथी राहुल कुर्रे (21) और एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई लोहे की प्लेट बरामद कर ली गई। दोनों आरोपियों को 7 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रात के समय बंद फैक्ट्रियों में प्रवेश कर भारी लोहे की प्लेट चोरी करते थे, ताकि सुनसान का फायदा उठाकर आसानी से फरार हो सकें।
दुर्ग पुलिस ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिसरों में सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को मजबूत रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को दें।