कोरबा: कनकी धाम में स्टंटबाजी और हुड़दंग, वायरल वीडियो के बाद 8 युवक पकड़े गए, 7 बाइक जब्त...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने और धार्मिक स्थल पर स्टंटबाजी करने वाले भौकाल बाइकर्स गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने 7 बाइक जब्त करते हुए 8 युवकों को पकड़ लिया। इनमें कई नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आरोपियों का भौकाल उतर गया और उन्होंने कान पकड़कर माफी मांगी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक बाइक से स्टंट करते, रोड जाम करते और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते नजर आए। वीडियो में आरोपियों द्वारा कनकी धाम परिसर और आसपास हुड़दंग मचाने से श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस

मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 7 बाइक जब्त कीं और 8 युवकों को हिरासत में लिया। जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े गए युवकों में कुछ नाबालिग भी शामिल हैं।

कान पकड़कर मांगी माफी

पुलिस कार्रवाई के बाद सभी आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। पुलिस ने उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी और कानून व्यवस्था भंग करने के गंभीर परिणामों से भी अवगत कराया।

युवाओं से पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए स्टंटबाजी या कानून तोड़ने जैसी गतिविधियों से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट, हुड़दंग और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।