रायपुर में छात्रा की संदिग्ध मौत, गला घोंटकर हत्या की आशंका, साथी से पूछताछ जारी...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 19 वर्षीय आदिवासी छात्रा भारती नेताम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के शरीर और गले पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है। मामले में छात्रा के साथ रह रहे सावंत बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

6-7 महीनों से लिव-इन में रह रहे थे दोनों

जानकारी के अनुसार, भारती नेताम मूल रूप से कांकेर जिले के कोकपुर की रहने वाली थी और रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले 6 से 7 महीनों से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल, जो रावतपुरा सरकार महाविद्यालय का छात्र है, के साथ बोरियाकला स्थित किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

बहन ने लगाए मारपीट के आरोप

मृतका की बड़ी बहन देविका नेताम ने पुलिस को बताया कि सावंत बघेल को भारती पर किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में होने का संदेह था, जिसके चलते वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। देविका के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भारती ने फोन कर बताया था कि उसके साथ फिर मारपीट हुई है और वह अपने गांव वापस लौटना चाहती है, लेकिन उसके पास पैसे नहीं हैं। इसके बाद देविका ने उसकी मदद के लिए ऑनलाइन 3 हजार रुपये भेजे थे।

रात में मिली अस्पताल ले जाने की सूचना

देविका ने बताया कि 4 अगस्त की रात फोन पर सूचना मिली कि भारती की तबीयत बिगड़ने पर उसे मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद 5 अगस्त को परिजन रायपुर पहुंचे।

शरीर पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका

परिजनों का आरोप है कि भारती के बाईं आंख के नीचे, गर्दन के पीछे और शरीर पर चोट तथा खून जमने के निशान मिले हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने मारपीट के बाद गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है और सावंत बघेल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

परिजनों की शिकायत के आधार पर मुजगहन थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मुख्य संदेही सावंत बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।