रायपुर में पत्रकार की सुरक्षा पर सवाल, खबर प्रकाशित करने के बाद मिली धमकी; आरोपी पर FIR...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। राजधानी रायपुर में पत्रकार की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। गांजा सेवन से जुड़ी खबर प्रसारित करने के बाद पत्रकार वकार आलम को कथित रूप से फोन पर अश्लील गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पत्रकार की शिकायत पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, धमकी भरे कॉल की कथित रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर भी वायरल होने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, खरोरा क्षेत्र के ग्राम मांठ में खुलेआम गांजा सेवन का वीडियो सामने आया था। मामले को लेकर जनपद पंचायत तिल्दा-नेवरा की उपाध्यक्ष दुलारी वर्मा ने 28 जुलाई को थाना खरोरा में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में बताया गया था कि गांव के तालाब पार क्षेत्र में कुछ बाहरी युवक कथित रूप से गांजा सेवन करते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

इसी मामले की खबर को प्रमुखता से प्रसारित करने के बाद पत्रकार वकार आलम ने आरोप लगाया कि 4 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। आरोप है कि कॉल करने वाले ने खुद को शशांक सिंह ठाकुर बताते हुए पहले अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और बाद में जान से मारने की धमकी दी

पत्रकार के अनुसार, कॉल के दौरान आरोपी ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि वह उन्हें नुकसान पहुंचा देगा। वकार आलम का दावा है कि उस समय उनका मोबाइल स्पीकर पर था और उनके साथ मौजूद पत्रकार साथी योगेश यादव एवं हितेश कुमार यादव ने भी बातचीत सुनी।

घटना के बाद पत्रकार ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) और 351(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब कॉल रिकॉर्डिंग, मोबाइल नंबर और अन्य संबंधित साक्ष्यों की जांच कर रही है। वहीं, आरोपी पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पत्रकार को उसके पेशेगत कार्य से जुड़े मामले में धमकी मिलने की घटना के बाद पत्रकार सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।