जांजगीर-चांपा: लाखों का कर्ज चुकाने तीन मंदिरों में चोरी, जमीन में गाड़ा था सोना-चांदी का माल; 3 गिरफ्तार, नाबालिग भी शामिल...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में तीन मंदिरों में हुई चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने लाखों रुपये का कर्ज चुकाने के लिए मंदिरों को निशाना बनाया था। इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने किया।

1-2 अगस्त की रात तीन मंदिरों में हुई थी चोरी

पुलिस के अनुसार, 1 और 2 अगस्त की दरमियानी रात चोरों ने बम्हनीडीह स्थित रामजानकी मंदिर, नवागढ़ थाना क्षेत्र के महंत गांव के चंडी दाई मंदिर और जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने मंदिरों से चांदी के छत्र, चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दानपेटी चोरी कर ली थी। लगातार हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में लोगों में नाराजगी थी और पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था।

100 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच के बाद मिला सुराग

मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान एक बाइक पर चार संदिग्ध युवक नजर आए। साइबर सेल की मदद से उनकी पहचान कर पुलिस ने दबिश देकर सभी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन पर लाखों रुपये का कर्ज था। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने मंदिरों में चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

जमीन में गाड़कर छिपाया था चोरी का सामान

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी का पूरा सामान पामगढ़ थाना क्षेत्र के घुटिया गांव में आरोपी प्रशांत पटेल के घर के पीछे जमीन में गाड़कर छिपाया गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कराई और चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के छत्र, इलेक्ट्रॉनिक कटर तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपी

  • प्रशांत पटेल (23 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  • प्रभात पटेल (18 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  • परमानंद पटेल (25 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़