नगर निगम रायपुर की प्रभारी अपर आयुक्त कृष्णा खटीक सेवानिवृत्त, आयुक्त संबित मिश्रा ने किया सम्मानित

त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर की प्रभारी अपर आयुक्त श्रीमती कृष्णा खटीक 31 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में लंबी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हो गईं। उनकी सेवानिवृत्ति पर बुधवार को नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने श्रीमती कृष्णा खटीक को बुके, शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रीमती खटीक की प्रशासनिक सेवाओं की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

समारोह में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, प्रभारी अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन-10 जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा, सामान्य प्रशासन विभाग के अधीक्षक मोहित कुमार दर्रो तथा नगर निगम अधिकारी एवं कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव सहित अनेक अधिकारियों ने श्रीमती खटीक की कार्यशैली और सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उन्हें अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

अपने संबोधन में श्रीमती कृष्णा खटीक ने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सामान्य प्रशासन विभाग के कर्मचारियों तथा प्लेसमेंट स्थापना के कंप्यूटर ऑपरेटर अजीत कसार की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कई अवसरों पर देर रात तक आवश्यक कार्यालयीन कार्यों में सहयोग दिया।

कार्यक्रम में श्रीमती खटीक के परिवारजन भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता इमरान खान, उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा, जसदेव सिंह बाबरा, जागृति साहू, उपायुक्त वित्त संजय सिंह सोनवानी, सभी जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्रीमती कृष्णा खटीक को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं सफल जीवन की कामना की।