रायपुर। नॉर्थ जोन पुलिस कमिश्नरेट के थाना उरला पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की सहायता से गुम हुए दो मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
बरामद मोबाइल मेघा वर्मा (निवासी भवानी नगर, कोटा) और सूरज सिंह (निवासी हीरापुर) को विधिवत सुपुर्दनामे के माध्यम से लौटाए गए। मोबाइल वापस मिलने पर दोनों ने थाना उरला पुलिस और CEIR पोर्टल की सराहना करते हुए नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर घबराने के बजाय तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस के अनुसार, CEIR पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक करने, उसकी लोकेशन ट्रैक करने तथा बरामद होने पर वास्तविक स्वामी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। समय पर शिकायत दर्ज कराने से मोबाइल मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
नॉर्थ जोन रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में CEIR पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि मोबाइल की शीघ्र रिकवरी सुनिश्चित की जा सके।