जनदर्शन में उमड़ी लोगों की भीड़, कलेक्टर ने सुनीं 62 शिकायतें; कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

बेमेतरा। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टरेट परिसर में जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 62 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि गंभीर एवं जांच योग्य प्रकरणों को समय-सीमा (टीएल) पंजी में दर्ज कर नियमानुसार जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में निराश्रित एवं वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, बैटरी चालित ट्रायसायकल, प्रधानमंत्री आवास योजना, कटा हुआ रकबा जोड़ने, खाद गड्ढा हटाने और आम रास्ता खुलवाने जैसे जनहित से जुड़े विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने सभी आवेदकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का नियमानुसार शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश भी दिए।