फर्जी ACB अधिकारी बनकर बनाया ठगी का प्लान
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बनकर ठगी की कोशिश करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लखनपुर निवासी सौरभ प्रजापति (24), जांजगीर-चांपा निवासी राजेशपुरी गोस्वामी (43) और गांधीनगर निवासी रंजीत गुप्ता (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक मारुति XL6 कार भी जब्त की है।
शराब और ₹1 लाख की डिमांड
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी शराब की दुकान से बिना पैसे दिए शराब हासिल करना चाहते थे। इसी योजना के तहत सौरभ प्रजापति ने जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ को फोन कर खुद को ACB का वरिष्ठ अधिकारी बताया। उसने कहा कि बाहर से अधिकारी निरीक्षण के लिए आ रहे हैं और रेस्ट हाउस में खाने-पीने की व्यवस्था के साथ 6 बोतल शराब और ₹1 लाख नकद भेजने की मांग की।
आबकारी अधिकारी को हुआ शक
आरोपी की बातचीत पर जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ को तुरंत संदेह हो गया। उन्होंने आरोपियों की मांग पूरी करने के बजाय गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी।
मोबाइल ट्रेस कर तीनों आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मोबाइल नंबर ट्रेस कर सौरभ प्रजापति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बता दिए, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी पहचान बताकर ठगी का प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।