आवारा कुत्ते का आतंक: 22 लोगों को काटकर किया घायल, इलाके में दहशत...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

अंबिकापुर। राजिम तथा इसके सीमावर्ती इलाकों में रविवार को एक पागल (आक्रामक) कुत्ते ने भारी दहशत फैला दी। राह चलते लोगों और मासूम बच्चों पर अचानक हुए हमले में कुल 22 लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया।

22 घायलों का तत्काल इलाज, सभी को लगा एंटी-रेबीज टीका

घटना की जानकारी मिलते ही सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. स्नेहलता हुमने ने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निर्धारित मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत सभी घायलों को तुरंत एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई। फिलहाल सभी की हालत स्थिर है और किसी की भी जान को खतरा नहीं है।

स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासन को किया अलर्ट

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय प्रशासन को सतर्क करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। विभाग की ओर से मुख्य नगर पालिका अधिकारी और एसडीएम (राजिम) को पत्र भेजकर क्षेत्र में घूम रहे आवारा एवं आक्रामक कुत्तों को तत्काल पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

लोगों के लिए जारी की गई जरूरी एडवाइजरी

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कुत्ता, बंदर या कोई अन्य जानवर काट ले, तो झाड़-फूंक या घरेलू इलाज के भरोसे समय बिल्कुल भी बर्बाद न करें। विशेषज्ञों के अनुसार, घाव को कम से कम 10 से 15 मिनट तक साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोने के बाद तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचना चाहिए।

समय पर टीका ही बचाव का सबसे प्रभावी उपाय

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका समय पर एंटी-रेबीज टीका लगवाना है। साथ ही, यदि क्षेत्र में कोई हिंसक या आक्रामक जानवर दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत नगर पालिका या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को देने की सलाह दी गई है।