भाजपा को बड़ा झटका: डोंगरगढ़ शहर मंडल के 111 सदस्यों का सामूहिक इस्तीफा, संगठन में मचा हड़कंप...

त्वरित खबरें राहुल ओझा ब्यूरो प्रमुख

*भाजपा को बड़ा झटका: डोंगरगढ़ शहर मंडल के 111 सदस्यों का सामूहिक इस्तीफा, संगठन में मचा हड़कंप....

डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ की स्थानीय राजनीति में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। शहर मंडल के 111 कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से अपने पदों एवं प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के बाद संगठन के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष, राजनांदगांव को भेजे गए सामूहिक इस्तीफा पत्र में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नौआना के कार्यभार संभालने के बाद से संगठन में वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है। पत्र में यह भी कहा गया है कि मंडल अध्यक्ष के अधिकांश निर्णय पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती तथा शहर के चार व्यापारी नेताओं के प्रभाव में लिए जाते हैं, जिससे संगठनात्मक कार्यप्रणाली प्रभावित हुई है।

इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं ने परिवारवाद को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संगठन में योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं को महत्व नहीं दिया जा रहा, जबकि कुछ चुनिंदा लोगों के प्रभाव में निर्णय लिए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, संगठन के भीतर उठे इन सवालों के बाद कुछ कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए थे, जिससे असंतोष और बढ़ गया। अंततः नाराज कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा देकर अपना विरोध दर्ज कराया।

हालांकि, इस पूरे मामले पर भाजपा जिला संगठन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों के बीच इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का इस्तीफा पार्टी के लिए चिंता का विषय बन सकता है।