CM विष्णुदेव साय ने की अमलीपदर रथयात्रा की सराहना, बोले– यह हमारी सांस्कृतिक विरासत है

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा की सराहना करते हुए इसे छत्तीसगढ़ की आस्था, संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमलीपदर की रथयात्रा वर्षों से धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक रही है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी प्रदेश की समृद्ध परंपराओं और जनआस्था को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा लोगों को प्रेम, भाईचारे और सेवा का संदेश देती है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ हमारी प्राचीन परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने रथयात्रा के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, स्थानीय प्रशासन और सभी श्रद्धालुओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और लोक आस्था के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और सामाजिक सद्भाव के साथ ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया।