रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शहर के आमानाका ओवरब्रिज पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार ने करीब आधा दर्जन वाहनों को टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और उसने एक के बाद एक कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कार चला रही महिला चालक मौके से फरार हो गई। दुर्घटना में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार महिला चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।