राजनांदगांव। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, राजनांदगांव के मेडिसिन विभाग द्वारा एचआईवी/एड्स – जागरूकता, अधिकार और सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय सेमीनार का आयोजन किया गया। मेडिकल कॉलेज के सेमीनार हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
सेमीनार के तकनीकी एवं वैज्ञानिक सत्र में विशेषज्ञों ने एचआईवी संक्रमण की मूलभूत जानकारी, बचाव के उपाय, एचआईवी/एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम-2017, पोस्ट-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस (PEP) तथा एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के अधिकारों पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न सेवाओं और योजनाओं से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विशेषज्ञों ने एचआईवी से जुड़े भ्रम दूर करने, समय पर जांच कराने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने और संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. पी.एम. लुका, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, संयुक्त निदेशक एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. अतुल मनोहर राव देशकर, उप अस्पताल अधीक्षक डॉ. पवन जेठानी, जिला नोडल अधिकारी (एचआईवी/एड्स) डॉ. अल्पना लूनिया, मेडिसिन विभागाध्यक्ष एवं एआरटी सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. एन.के. तिर्की, राज्य एड्स नियंत्रण समिति की श्रीमती रमा पटेल, सुश्री भाग्यश्री वर्मा, डॉ. प्रकाश खूंटे सहित चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, एआरटी एवं आईसीटीसी स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।