अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी: मृतक का दोस्त ही निकला हत्यारा, पुलिस ने किया गिरफ्तार...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

कवर्धा। कवर्धा जिले की बोड़ला थाना पुलिस ने महज सात दिनों के भीतर एक अंधे हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि जिस युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी, उसका कातिल कोई और नहीं बल्कि उसका करीबी दोस्त ही निकला।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उदय प्रताप सिंह राजपूत (34 वर्ष), निवासी जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। उसका शव बोड़ला थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी स्थित एक ढाबे के पास संदिग्ध अवस्था में मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन मृतक अपने दोस्त हीरासिंह उर्फ बउवा केंवट के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से उदय प्रताप सिंह के सिर और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी पुलिस को गुमराह करने की नीयत से मृतक की मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सुरागों और लगातार पूछताछ के आधार पर महज सात दिनों में पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

40 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान कबीरधाम पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। लगातार की गई जांच, घटनास्थल से मिले सुरागों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर, घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े तथा मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली, जिन्हें मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस अंधे हत्याकांड का महज सात दिनों के भीतर खुलासा किया गया। दोस्ती के रिश्ते का यह दर्दनाक अंत पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली।