दुर्ग में नवविवाहिता की मौत का राज खुला: फरार पति और ससुर पुलिस के शिकंजे में...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

दुर्ग: दहेज की मांग ने छीनी नवविवाहिता की जिंदगी, 3 महीने से फरार पति-ससुर गिरफ्तार

दुर्ग | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दहेज प्रताड़ना से जुड़ी एक संवेदनशील मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दहेज की मांग और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने वाली नवविवाहिता के मामले में करीब तीन महीने से फरार चल रहे उसके पति और ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की विशेष टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सिमगा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी युवराज पटेल (29) और उसके पिता ओम प्रकाश पटेल (58) को दबोच लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

यह मामला नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम सहगांव का है। पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को नवविवाहिता ने ससुराल पक्ष की कथित दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। जांच में सामने आया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उस पर दहेज लाने का दबाव बना रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

घटना के बाद नंदिनी नगर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही पति और ससुर घर छोड़कर फरार हो गए थे। उनकी तलाश के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। आखिरकार गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।