बेमेतरा पुलिस होगी हाईटेक: नए एसपी त्रिलोक बंसल का बड़ा एक्शन, NAFIS और फिंगरप्रिंट तकनीक पर जोर

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

बेमेतरा। जिले के नए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने पदभार संभालते ही पुलिसिंग को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। उन्होंने अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपराधों की जांच में NAFIS (नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम) और फिंगरप्रिंट तकनीक का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए हैं।

एसपी ने कहा कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना को मजबूत किया जाए, ताकि अपराधियों की जल्द पहचान कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया।

बैठक में थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराधों पर सतर्क निगरानी रखने तथा आम जनता की शिकायतों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

एसपी त्रिलोक बंसल ने स्पष्ट किया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे अपराधों की जांच में तेजी आएगी और आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा मिल सकेगी।