राजनांदगांव की दीपिका साहू का डबल धमाका: बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाकिनी ने किया सम्मानित

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। जिले की प्रसिद्ध ब्यूटीशियन दीपिका साहू ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बिलासपुर में आयोजित स्पेशल क्राउन मिस एंड मिसेस छत्तीसगढ़-2026 फैशन अवार्ड शो में उन्होंने मिसेस कैटेगरी का प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि और बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाकिनी ने उन्हें क्राउन पहनाकर, प्रशस्ति पत्र और 5 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम जंगलपुर निवासी दीपिका साहू ब्यूटी पार्लर संचालित करने के साथ-साथ महिलाओं को ब्यूटी और स्वरोजगार का प्रशिक्षण भी देती हैं। गृहिणी होने के साथ वे कृषि कार्य और समाज सेवा से भी जुड़ी हुई हैं।

18 और 19 जुलाई को बिलासपुर में न्यू उड़ान जन सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की थीम सौंदर्य शिक्षा, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार रही। दीपिका ने न केवल मिसेस कैटेगरी में पहला स्थान प्राप्त किया, बल्कि एजुकेशन लर्निंग ब्यूटी एक्सपो ब्यूटी बिजनेस अवार्ड शो में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दूसरा सम्मान अपने नाम किया।

कार्यक्रम में उनकी इस दोहरी उपलब्धि पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। आयोजकों और उपस्थित अतिथियों ने उनकी सफलता की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायक मिसाल बताया।

गौरतलब है कि इससे पहले 15 अप्रैल को रायपुर में आयोजित फैशन शो में भी दीपिका साहू दोनों वर्गों में फर्स्ट विनर रह चुकी हैं। लगातार दूसरी बड़ी सफलता के साथ उन्होंने राजनांदगांव जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है