3,848 निवेशकों से 40.78 करोड़ की ठगी, 3 साल से फरार सहारा इंडिया का ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायगढ़ में सहारा इंडिया निवेश घोटाले का फरार ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार, 3 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा

रायगढ़ पुलिस ने फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बहुचर्चित सहारा इंडिया निवेश धोखाधड़ी मामले में करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ (54) को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को कोतरारोड़ क्षेत्र से 20 जुलाई 2026 को हिरासत में लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले की शिकायत 29 सितंबर 2022 को विकास निगानिया ने थाना कोतवाली में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सहारा इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कंपनी को विश्वसनीय बताते हुए तथा आरबीआई से अधिकृत होने का भरोसा दिलाकर वर्ष 2017 में शिकायतकर्ता, उनकी माता और पत्नी से विभिन्न निवेश योजनाओं के नाम पर करीब 40 लाख रुपये जमा कराए। निवेश की अवधि पूरी होने के बावजूद पीड़ितों को उनकी राशि वापस नहीं मिली।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि निवेशकों से सहारा इंडिया के नाम पर रकम जमा कराई गई, जबकि उनके नाम पर विभिन्न सहकारी समितियों के बॉन्ड जारी किए गए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला निवेशकों के साथ सुनियोजित आर्थिक धोखाधड़ी का प्रतीत होता है, जिसमें लोगों का विश्वास जीतकर बड़ी रकम निवेश कराई गई और बाद में भुगतान नहीं किया गया।
पुलिस अब मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकरण से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। वहीं, इस गिरफ्तारी से लंबे समय से अपनी जमा पूंजी लौटने का इंतजार कर रहे निवेशकों में कार्रवाई को लेकर नई उम्मीद जगी है।

3 साल से फरार सहारा इंडिया का ब्रांच मैनेजर ससुराल से गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे दबोचा
रायगढ़ पुलिस ने बहुचर्चित सहारा इंडिया निवेश धोखाधड़ी मामले में तीन वर्षों से फरार चल रहे पूर्व ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ को उसके ससुराल कोतरारोड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी ससुराल आया हुआ है, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए। आरोपी के कब्जे से सहारा इंडिया के कबीर चौक स्थित फ्रेंचाइजी कार्यालय के विकास एवं प्रशासन से जुड़े आदेश पत्र तथा कंपनी के एमओयू (समझौता) की प्रतियां भी जब्त की गई हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

सहारा इंडिया केस में फरार आरोपियों की तलाश तेज, बैंक खाते से लेकर कार-बाइक तक जब्त

सहारा इंडिया निवेश धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके आईडी कार्ड, नियुक्ति व कार्य आदेश से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों और जमीन संबंधी रिकॉर्ड जब्त किए हैं। इसके अलावा, धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई कार और मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है।

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। नए साक्ष्य मिलने पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी में कोतवाली पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।