पुलिस का 'ऑपरेशन अंकुश' सफल: 5 जुआ फड़ों पर छापेमारी, 33 गिरफ्तार, लाखों का सामान जब्त...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग ...

धरमजयगढ़। रायगढ़ पुलिस ने जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन अंकुश" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़-कोरबा सीमा पर स्थित ग्राम धसकामुड़ा में संचालित जुए के पांच फड़ों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने 33 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

पुलिस ने मौके से 57,140 रुपये नकद, करीब 90 लाख रुपये मूल्य की 7 चारपहिया गाड़ियां तथा 5 गैस लाइट जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

कार्रवाई के बाद गिरफ्तार सभी आरोपियों को रायगढ़ से मंगाई गई बस CG 03 A 5014 से धरमजयगढ़ न्यायालय ले जाया गया, जहां उन्हें पेश कर न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ "ऑपरेशन अंकुश" के तहत आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की नजर अब सिर्फ जुआरियों पर ही नहीं, बल्कि ऐसे अवैध धंधों को संरक्षण देने वालों पर भी है। आने वाले दिनों में जिलेभर में इसी तरह की बड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।