युवाओं को मिली नई उड़ान: महापौर अलका बाघमार ने बांटे जॉब ऑफर लेटर...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

दुर्ग। नगर निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार ने स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग सेंटर अंजोरा में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र एवं प्लेसमेंट ऑफर लेटर वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को पहली नौकरी मिलने पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग सेंटर अंजोरा में मल्टीफंक्शनल ऑफिस एसोसिएट कोर्स के 12 छात्र-छात्राओं ने 45 दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। प्रशिक्षण के बाद सभी प्रशिक्षुओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर मिले। कार्यक्रम में महापौर अलका बाघमार ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभव जाने और उन्हें करियर में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

सेंटर हेड सुभाष डोंगरे ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को इंडस्ट्री से जुड़ी उपयोगी जानकारी, कम्युनिकेशन स्किल, सॉफ्ट स्किल और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया जाता है। अंजोरा केंद्र में ग्रामीण युवाओं को आवासीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें प्रदेश और प्रदेश के बाहर भी रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राएं तेजस्विनी, मंजू, सुमन, उमेश्वरी और मुस्कान का प्लेसमेंट स्विगी में हुआ है, जहां उन्हें लगभग 22 हजार रुपये प्रतिमाह इन-हैंड सैलरी मिलेगी। छात्रों ने बताया कि प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी भी कर सकेंगे।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य शेखर चंद्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, पार्षद लोकेश्वरी ठाकुर, सरिता चंद्राकर, सेंटर हेड सुभाष डोंगरे एवं ट्रेनर शिवानी कंवर उपस्थित रहे। सभी ने प्लेसमेंट प्राप्त करने वाले युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।