हाजीपुर :- पंजाब के हाजीपुर से तलवाड़ा सड़क पर स्थित श्मशान घाट के पास बीती रात दो ट्रकों की जबरदस्त टक्कर हो गई. दोनों गाड़ियां आमने सामने टकराई, जिसमें एक ट्रक ड्राइवर के गंभीर रूप से घायल हो गया. कल रात करीब 12:30 बजे एक ट्रक, जिसे हिमाचल प्रदेश निवासी अश्वनी कुमार चला रहा था, तलवाड़ा की ओर से आ रहा था. जब वह हाजीपुर के श्मशान घाट के पास पहुंचा, तो हाजीपुर से तलवाड़ा की ओर जा रहे दूसरे ट्रक के साथ उसकी सीधी टक्कर हो गई.टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक चालक केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया, जिसे बाहर निकालने के लिए जे.सी.बी. मशीन की मदद लेनी पड़ी. इस दुर्घटना में दोनों ट्रकों को भारी नुकसान पहुंचा है |
लगा लंबा जाम
हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत कार्य शुरू करवाया.पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायल ड्राइवर को ट्रक से बाहर निकाला |
इसके बाद 108 एम्बुलेंस के पायलट भगत भूपिंदर सिंह के सहयोग से उसे तुरंत सरकारी अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया गया | स्थानीय डॉक्टरों ने घायल की नाजुक हालत बताई है |