भिलाई, 14 जुलाई। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना पुलिस ने स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों से मारपीट, गाली-गलौज और शराब पीने के लिए पैसे मांगकर डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में शामिल दो अपचारी बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई की रात मोहम्मद शब्बीर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ युवक स्कूल विद्यार्थियों को रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते हैं। पैसे नहीं देने पर उन्हें डराया-धमकाया जाता था।
शिकायत के आधार पर थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने स्कूल समय में मौके पर पहुंचकर पीड़ित विद्यार्थियों से आरोपियों की पहचान कराई, जिसमें युवराज साहू (19 वर्ष) और शेखर गुप्ता (21 वर्ष) की पहचान हुई। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक लकड़ी का हॉकी स्टिक भी जब्त किया है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि यदि कहीं भी मारपीट, धमकी, वसूली या अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।