मुंगेली। मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित Experience Learning Program (ELP) के तहत 30 जून से 4 जुलाई 2026 तक रामगढ़ स्थित वृद्धाश्रम एवं जिला अस्पताल, मुंगेली के प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में पाँच दिवसीय सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
उपनिदेशक श्री नितिन शर्मा के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक श्री नितेश कुमार मोहले के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में समाज सेवा, नेतृत्व, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के साथ आत्मीय संवाद, परिसर की स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तचाप (BP) परीक्षण तथा कुर्सी दौड़ और बॉल पासिंग जैसी मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। समापन दिवस पर सभी वृद्धजनों को सम्मानपूर्वक स्वल्पाहार कराया गया तथा उनके साथ समय बिताकर अपनत्व और सम्मान का संदेश दिया गया।
वहीं जिला अस्पताल स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में स्वयंसेवकों ने केंद्र की कार्यप्रणाली का अध्ययन करते हुए आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती जेनेरिक दवाइयों तथा प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना की जानकारी देकर जागरूक किया।
वृद्धाश्रम गतिविधियों में चंद्रशेखर चेलकर, राजीव टोंडे, संजीव टोंडे, हनी सांडे एवं अमित पुरी ने सक्रिय सहभागिता निभाई। वहीं जन औषधि केंद्र में बम्लेश्वरी साहू, भूमिका साहू, श्रुति पाटले, पिंकी पाटले एवं पूजा साहू ने जनजागरूकता एवं सेवा कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उपनिदेशक श्री नितिन शर्मा, वृद्धाश्रम परिवार, जिला अस्पताल एवं प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित सभी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।